हरिद्वार: पथरी थाना क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी के लापता होने से हड़कंप मच गया है। 15 वर्षीय किशोरी के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गांव के ही एक युवक के खिलाफ अपहरण और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

परिवार के मुताबिक, किशोरी देर रात करीब एक बजे घर से गायब पाई गई। काफी तलाश के बाद परिजनों ने आशंका जताई कि गांव का एक युवक उसे अपने साथ ले गया है। पीड़िता के पिता ने आरोप लगाया है कि आरोपी किशोरी को बहला-फुसलाकर ले गया और जाते समय घर में रखी करीब 20 हजार रुपये की नकदी व चांदी के आभूषण भी साथ ले गया।
सूचना मिलते ही फेरुपुर पुलिस चौकी की टीम सक्रिय हुई और घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी के परिजनों से भी संपर्क कर जानकारी जुटाई है।
लक्सर कोतवाली प्रभारी ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर संबंधित युवक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं पथरी थाना प्रभारी ने जानकारी दी कि किशोरी की तलाश के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस का कहना है कि किशोरी की सकुशल बरामदगी प्राथमिकता है और मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है। घटना के बाद से परिजन चिंता में हैं और पुलिस से जल्द कार्रवाई की उम्मीद जता रहे हैं।
