देहरादून: उत्तराखंड में स्टाफ सिलेक्शन कमीशन (SSC) भर्ती परीक्षा के दौरान हाईटेक तरीके से नकल कराने वाले गिरोह के खिलाफ स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने कार्रवाई तेज कर दी है। इस कड़ी में STF ने देहरादून से एक और आरोपी ईश्वरी प्रसाद (इंद्रजीत शर्मा इंदर के नाम से भी जाने जाते हैं) को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी पर ऑनलाइन परीक्षा केंद्र में तकनीकी छेड़छाड़ कर अभ्यर्थियों को नकल कराने का आरोप है। यह मामला 13 फरवरी 2026 का है, जब SSC ने मल्टी टास्किंग स्टाफ (MTS) और हवलदार पदों के लिए ऑनलाइन भर्ती परीक्षा आयोजित की थी।

SSC Exam Scam 2026: SSC Exam Cheating Racket Busted in Dehradun

एसटीएफ को परीक्षा के दौरान हाईटेक नकल की सूचना मिली, जिसके बाद उन्होंने पूरे नेटवर्क की जांच शुरू की और कई महत्वपूर्ण सबूत जुटाए। उत्तराखंड STF के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अजय सिंह ने बताया कि आरोपी को देहरादून के नेहरू ग्राम स्थित सेंट जॉन्स एकेडमी से गिरफ्तार किया गया।

जांच में सामने आया कि आरोपी ने परीक्षा केंद्र में सर्वर रूम तैयार किया था, लैब सेटअप किया था और एक अंडरग्राउंड चैंबर का निर्माण किया था। इन माध्यमों से ऑनलाइन परीक्षा में धांधली कराई जा रही थी। SSP अजय सिंह ने बताया कि आरोपी तकनीकी रूप से पूरे सिस्टम के संचालन में अहम भूमिका निभा रहा था।

गिरफ्तारी के बाद STF ने सेंट जॉन्स एकेडमी परीक्षा केंद्र को सील कर दिया है। इस केंद्र पर 18 मई को SSC कांस्टेबल (GD) ऑनलाइन परीक्षा आयोजित होनी थी। जांच एजेंसियों को आशंका है कि परीक्षा केंद्र के सर्वर से छेड़छाड़ की गई थी, जिससे परीक्षा प्रक्रिया प्रभावित हो सकती थी।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि केवल सेंट जॉन्स एकेडमी ही नहीं, बल्कि अन्य कुछ स्थानों के सर्वर भी “कम्प्रोमाइज” किए गए थे। STF अब अन्य परीक्षा केंद्रों और तकनीकी सिस्टम की भी जांच कर रही है। अधिकारियों को शक है कि यह नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हो सकता है।

इस मामले में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और गिरोह में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है। SSP अजय सिंह ने कहा कि मामले की पूरी जानकारी SSC के क्षेत्रीय निदेशक को दे दी गई है और आगामी परीक्षाओं को निष्पक्ष एवं सुरक्षित तरीके से आयोजित कराने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था लागू की जा रही है।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *