देहरादून। सोशल मीडिया पर दोस्ती के बहाने लाखों रुपए गंवाने का मामला सामने आया है। दून का 51 वर्षीय व्यक्ति फेसबुक पर लंदन निवासी बताई गई महिला से दोस्ती कर बैठा, जिसने बाद में व्हाट्सएप पर बातचीत कर उसे ठगी का शिकार बनाया। महिला ने एयरपोर्ट पर फंसने का बहाना बनाकर पीड़ित से कुल 28 लाख रुपए ठग लिए।

पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि फेसबुक पर मारिया विलियम्स नामक महिला से दोस्ती हुई, जिसने खुद को लंदन निवासी बताया। 27 सितंबर 2025 को महिला ने भारत आने की बात कही और भरोसा दिलाने के लिए टिकट और वीजा की कॉपी भेजी।

29 सितंबर को एक अज्ञात मोबाइल नंबर से फोन आया, जिसमें कॉल करने वाली महिला ने खुद को मुंबई एयरपोर्ट का कर्मचारी बताया। इसके बाद मारिया ने कहा कि उसके पास 59 लाख रुपए मूल्य के पाउंड हैं और ट्रांसफर के लिए कुछ औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी। पीड़ित से विभिन्न बहानों जैसे क्लियरिंग चार्ज और विदेशी मुद्रा सर्टिफिकेट के तहत कई बार राशि ट्रांसफर करवाई गई।

जब पीड़ित से अतिरिक्त ₹3.5 लाख और भेजने को कहा गया, तब उसे शक हुआ और उसने मुंबई एयरपोर्ट हेल्पडेस्क से संपर्क किया, जहां धोखाधड़ी का खुलासा हुआ। पीड़ित ने बताया कि महिला के भारत आने की उम्मीद में वह उत्साहित था, लेकिन ठगी का पता चलने के बाद उसे गहरा सदमा लगा।

एसएसपी एसटीएफ नवनीत भुल्लर ने चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर अंजान लोगों से दोस्ती करने से बचें। उन्होंने बताया कि ऐसे फर्जी प्रोफाइल के पीछे अपराधियों के गिरोह होते हैं, जो विदेशी पुरुष या महिला की तस्वीर लगाकर लोगों को पैसे भेजने का झांसा देकर शिकार बनाते हैं। कई नाइजीरियन गिरोह इस तरह पकड़े जा चुके हैं।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *