शहर के गाबा चौक पर बृहस्पतिवार सुबह गौ रक्षा दल के सदस्यों ने मांस से भरी एक पिकअप को रोक लिया। वाहन से करीब छह क्विंटल मांस बरामद होने की बात सामने आई है। मांस गोमांस होने की आशंका जताते हुए सदस्यों ने मौके पर हंगामा किया और पिकअप में तोड़फोड़ कर दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर दो लोगों को हिरासत में लिया।

जानकारी के अनुसार, गौ रक्षा दल के सदस्यों को क्षेत्र में मांस की तस्करी किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद उन्होंने गाबा चौक पर निगरानी शुरू कर दी। इसी दौरान गदरपुर की ओर से आ रही एक पिकअप को रोककर उसकी जांच की गई। वाहन में बड़ी मात्रा में मांस मिलने के बाद मौके पर विवाद की स्थिति बन गई।
सूचना पर आदर्श कॉलोनी चौकी प्रभारी प्रदीप पंत पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। गोवंश स्क्वाड कुमाऊं की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने पिकअप को अपने कब्जे में लेकर दो लोगों को हिरासत में लिया।
फिलहाल बरामद मांस के गोमांस होने की पुष्टि नहीं हुई है। इसकी वास्तविक स्थिति प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।

