गदरपुर। भाजपा महिला मोर्चा के जिला स्तरीय सम्मेलन में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का आह्वान किया गया। मंगलवार को दिनेशपुर रोड स्थित बारातघर में आयोजित सम्मेलन में महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार और संगठन की नीतियों पर चर्चा की गई।

मुख्य वक्ता रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर महिलाओं ने आत्मनिर्भरता की मिसाल कायम की है। स्वरोजगार अपनाने वाली कई महिलाएं आज “लखपति दीदी” के रूप में पहचान बना चुकी हैं। उन्होंने कहा कि गांवों और शहरों में सक्रिय समूह महिलाओं के सशक्तिकरण की नई कहानी लिख रहे हैं।
विधायक अरविंद पांडेय ने कहा कि भाजपा सरकार ने महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के लिए अनेक योजनाएं शुरू की हैं। इनमें एनआरएलएम (राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन) की विशेष भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि आज समाज में महिलाओं की 50 फीसदी भागीदारी उन्हें सशक्त भारत की मजबूत नींव बना रही है।
भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज पाल ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत मातृशक्ति हर क्षेत्र में अग्रसर है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं न केवल आत्मनिर्भर हो रही हैं, बल्कि परिवार और समाज की आर्थिक रीढ़ बन चुकी हैं।
जिला प्रभारी रश्मि रस्तोगी ने कहा कि भाजपा के प्रति महिलाओं का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। सह संयोजिका और पूर्व पालिका अध्यक्ष अंजू भुड्ढी ने कहा कि महिलाओं ने स्वरोजगार अपनाकर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष ज्योति अरोड़ा ने की और संचालन जिला मंत्री चंद्रिका फौगाट ने किया। इस अवसर पर सुरेश खुराना, चंकित हुड़िया, अभिषेक वर्मा, मनविंदर पांडेय, सीमा सरकार, दीपशिखा माथुर, मानसी शर्मा, निशा चौहान और सीमा चौधरी सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
संगठन विरोधियों पर सख्त रुख:
सम्मेलन के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज पाल ने कहा कि निकाय और पंचायत चुनावों में पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल कार्यकर्ताओं को अब किसी भी सूरत में राहत नहीं मिलेगी। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों की रिपोर्ट शीर्ष नेतृत्व को भेज दी गई है और उनके राजनीतिक भविष्य का निर्णय पार्टी उच्च कमान ही करेगा।
