शहर: स्वच्छता को लेकर चलाए जा रहे नगर निगम के अभियान को जन-आंदोलन बनाने की दिशा में पूर्व पालिका अध्यक्ष एवं भाजपा नेत्री श्रीमती मीना शर्मा ने महत्वपूर्ण पहल की। सिविल लाइन और डॉक्टर कॉलोनी क्षेत्र में आयोजित डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण के तहत डस्टबिन वितरण कार्यक्रम में उन्होंने नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम के दौरान श्रीमती मीना शर्मा ने निगम अधिकारियों के साथ विभिन्न घरों में जाकर डस्टबिन वितरित किए और लोगों से अपील की कि वे कचरे का निस्तारण निर्धारित तरीके से करें। उन्होंने कहा कि शहर की साफ-सफाई केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक की भागीदारी से ही यह संभव है।

उन्होंने जोर देते हुए कहा कि यदि लोग नियमित रूप से कूड़ा कूड़ेदान में डालने की आदत अपनाएं, तो स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण का निर्माण किया जा सकता है। साथ ही उन्होंने नगर निगम के प्रयासों की सराहना करते हुए आमजन से इसमें सहयोग देने का आह्वान किया।

इस दौरान स्थानीय निवासियों ने भी अभियान में रुचि दिखाई और स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय सहयोग का भरोसा जताया।
