नई दिल्ली: उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड से अपना नाम जोड़े जाने पर भाजपा नेता दुष्यंत गौतम ने कानूनी कार्रवाई की है। उन्होंने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट में मानहानि याचिका दाखिल की है, जिस पर अदालत आज सुनवाई करेगी।

दुष्यंत गौतम ने अपनी याचिका में अदालत से आग्रह किया है कि सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रसारित वह सभी सामग्री हटाई जाए, जिनमें उन्हें अंकिता भंडारी मामले से जोड़ा गया है। इसके साथ ही उन्होंने अपनी छवि को नुकसान पहुंचाने के आरोप में दो करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग भी की है।

याचिका के अनुसार, 24 दिसंबर 2025 को सोशल मीडिया पर एक वीडियो अपलोड किया गया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया। इस वीडियो के माध्यम से झूठा और भ्रामक नैरेटिव तैयार कर दुष्यंत गौतम को अंकिता भंडारी हत्याकांड से जोड़ने का प्रयास किया गया, जबकि जांच एजेंसियों ने कभी भी इस मामले में उनका नाम शामिल नहीं किया।

दुष्यंत गौतम ने दावा किया है कि अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर चलाया जा रहा मौजूदा अभियान पूरी तरह फेक न्यूज पर आधारित है और इसका उद्देश्य राजनीतिक लाभ लेना है। उल्लेखनीय है कि इस विवाद से जुड़े वीडियो को लेकर उत्तराखंड पुलिस पहले ही उर्मिला सनावर और सुरेश राठौर के खिलाफ दुष्प्रचार के आरोप में कई एफआईआर दर्ज कर चुकी है।

गौरतलब है कि सितंबर 2022 में उत्तराखंड के एक रिजॉर्ट में 19 वर्षीय रिसेप्शनिस्ट अंकिता भंडारी की हत्या कर दी गई थी। आरोप था कि रिजॉर्ट के मालिक पुलकित आर्य ने अंकिता पर एक मेहमान के साथ यौन संबंध बनाने का दबाव डाला था। पुलकित आर्य के पिता पूर्व भाजपा नेता रह चुके हैं। बाद में अंकिता का शव एक नहर से बरामद किया गया था। ट्रायल कोर्ट ने इस मामले में पुलकित आर्य समेत तीन आरोपियों को उम्रकैद की सजा सुनाई थी।

हालिया विवाद उस समय सामने आया जब भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर की कथित पत्नी उर्मिला सनावर ने आरोप लगाया कि अंकिता भंडारी पर भाजपा के एक बड़े नेता के साथ संबंध बनाने का दबाव था। वायरल वीडियो क्लिप में कहा गया कि सुरेश राठौर ने यह सुना था कि वह नेता दुष्यंत गौतम थे। हालांकि, बाद में सुरेश राठौर ने दावा किया कि यह वीडियो एआई तकनीक से तैयार किया गया था, जिसका उद्देश्य भाजपा को बदनाम करना था।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *