देहरादून: उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। चुनाव ड्यूटी के लिए कर्मचारियों का विवरण उपलब्ध नहीं कराने वाले सरकारी विभागों के अध्यक्षों के खिलाफ अब प्राथमिकी दर्ज कराने की तैयारी है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने इस संबंध में संबंधित विभागाध्यक्षों के खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

जिला प्रशासन ने जिले के सभी केंद्र और राज्य सरकार के विभागों, कार्यालयों और संस्थानों से वहां तैनात कर्मचारियों का पूरा विवरण मांगा था। इसके लिए निर्धारित समय भी दिया गया था, लेकिन कई विभागों ने अब तक जानकारी उपलब्ध नहीं कराई है। कुछ विभागों की ओर से भेजी गई सूची भी अधूरी पाई गई है।
250 से अधिक विभागों ने नहीं दी कर्मचारियों की सूची
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) केके मिश्रा के मुताबिक, जिले में करीब 500 विभागों ने ही कर्मचारियों का विवरण उपलब्ध कराया है, जबकि 250 से अधिक विभागों ने अब तक सूची नहीं भेजी है। इसके अलावा कई विभागों ने अधूरी जानकारी दी है।
कर्मचारियों का पूरा विवरण नहीं मिलने से निर्वाचन कार्यालय को चुनाव ड्यूटी के लिए उपलब्ध मानव संसाधन का आकलन करने में परेशानी हो रही है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों को जल्द से जल्द जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
चुनाव के लिए चाहिए करीब 23 हजार कर्मचारी
आगामी विधानसभा चुनाव-2027 को संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन को रिजर्व कर्मचारियों समेत करीब 23 हजार कर्मचारियों की जरूरत होगी। इसके मुकाबले अब तक केवल 12 हजार कर्मचारियों का ही विवरण उपलब्ध हो पाया है।
ऐसे में चुनाव ड्यूटी के लिए आवश्यक कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करना प्रशासन के लिए चुनौती बना हुआ है। डीएम ने सभी संबंधित विभागाध्यक्षों को निर्धारित प्रारूप में कर्मचारियों का पूरा और अपडेट विवरण तत्काल निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराने को कहा है।
लापरवाही पर विभागाध्यक्षों के खिलाफ होगी कार्रवाई
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि वे कर्मचारियों का विवरण उपलब्ध कराने के कार्य की स्वयं निगरानी करें। साथ ही यह भी सुनिश्चित करें कि निर्वाचन कार्यालय को भेजी जाने वाली जानकारी पूरी और सही हो।
डीएम ने स्पष्ट किया है कि चुनाव संबंधी जिम्मेदारियों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्धारित समय पर कर्मचारियों की पूरी सूची उपलब्ध नहीं कराने वाले विभागाध्यक्षों के खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं।

