DSAT Scholarship Ad
news 1news 1

किच्छा: ऊधम सिंह नगर के किच्छा में सोमवार को दिनदहाड़े अपहरण की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। रुद्रपुर रोड स्थित एक बैंक के सामने बोलेरो सवार कुछ युवक कार में बैठे एक व्यक्ति को जबरन उठाकर अपने साथ ले गए। आरोपी पीड़ित की स्विफ्ट डिजायर कार भी लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और घेराबंदी शुरू कर दी। पुलिस की सक्रियता के चलते आरोपी नगला तिराहे के पास युवक और उसकी कार को छोड़कर फरार हो गए। प्रारंभिक जांच में मामला पैसों के लेनदेन के विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, बाजपुर क्षेत्र के इटव्वा निवासी हरजिंदर सिंह पुत्र रतन सिंह का बिंदुखत्ता, लालकुआं निवासी कुछ युवकों के साथ पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। सोमवार दोपहर बाद हरजिंदर अपने दोस्त संदीप निवासी बिंदुखेड़ा, रुद्रपुर के साथ स्विफ्ट डिजायर कार से किच्छा पहुंचा था। दोनों ने रुद्रपुर रोड स्थित बैंक के सामने अपनी कार खड़ी की। इसी दौरान संदीप किसी काम से कार से बाहर चला गया, जबकि हरजिंदर वाहन के अंदर ही बैठा रहा।

बोलेरो में पहुंचे युवकों ने जबरन कार से उतारकर किया अगवा

बताया जा रहा है कि इसी दौरान बोलेरो सवार कुछ युवक मौके पर पहुंचे और हरजिंदर को घेर लिया। आरोपियों ने उसे जबरन अपने वाहन में बैठाने का प्रयास किया। हरजिंदर ने बचने के लिए भागने की कोशिश की, लेकिन आरोपी उसे जबरन बोलेरो में बैठाकर ले गए। वहीं, आरोपियों का एक अन्य साथी उसकी स्विफ्ट डिजायर कार लेकर मौके से फरार हो गया। दिनदहाड़े बैंक के सामने हुई इस घटना से आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।

पुलिस की घेराबंदी देख नगला तिराहे पर छोड़कर भागे आरोपी

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाल रवि कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही आरोपियों और बोलेरो वाहन की तलाश शुरू कर दी।

पुलिस की सक्रियता और बढ़ती घेराबंदी को देखते हुए आरोपी नगला तिराहे के पास अगवा किए गए हरजिंदर और उसकी कार को छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने युवक और कार को बरामद कर लिया। इसके बाद आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें दबिश देने में जुट गईं।

पैसों के लेनदेन को लेकर चल रहा था विवाद: सीओ

सीओ सितारगंज दौलत राम वर्मा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई थी और जांच शुरू कर दी गई थी। प्रारंभिक जांच में दोनों पक्षों के बीच पैसों के लेनदेन का विवाद सामने आया है। युवक को जबरन ले जाने और उसके साथ मारपीट किए जाने की बात भी सामने आई है। पुलिस ने युवक को बरामद कर लिया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

किच्छा के व्यस्त रुद्रपुर रोड पर बैंक के सामने दिनदहाड़े हुई इस घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

news 1


By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *