एसटीएफ के अनुसार, काशीपुर में एनएच इंटरप्राइजेज नामक फर्म की आड़ में यह नेटवर्क चलाया जा रहा था। शुरुआती जांच में सामने आया कि सेटअप के जरिए अंतरराष्ट्रीय कॉल के लिए इस्तेमाल होने वाले आईएलडी (इंटरनेशनल लॉन्ग डिस्टेंस) गेटवे को कथित तौर पर बाईपास किया जा रहा था। इसके अलावा, रोबो कॉलिंग के माध्यम से बड़ी संख्या में स्वचालित कॉल किए जाने की जानकारी मिली है।

21 दिनों में 45,453 आउटगोइंग कॉल
एसटीएफ के एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना और तकनीकी सर्विलांस के आधार पर यह कार्रवाई की गई। जांच में पता चला कि एसआईपी (सेशन इनिशिएशन प्रोटोकॉल) कनेक्शन का कथित दुरुपयोग कर 21 दिनों के भीतर 45,453 आउटगोइंग कॉल की गईं।
प्रारंभिक जांच के मुताबिक, विदेशी कॉल को गेटवे बाईपास करके स्थानीय कॉल के रूप में दिखाने का प्रयास किया जा रहा था। इसके लिए इंटरनेट और एसआईपी कनेक्शन का इस्तेमाल किया जा रहा था। सॉफ्टवेयर के जरिए एक साथ बड़ी संख्या में फोन नंबरों पर स्वचालित कॉल किए जाने की बात भी सामने आई है। अधिकारियों के अनुसार, इस तरह की कॉलिंग का इस्तेमाल प्रचार या संभावित साइबर ठगी के लिए किया जा सकता था।
कंप्यूटर और नेटवर्किंग उपकरण बरामद
छापेमारी के दौरान एसटीएफ की टीम ने एक कंप्यूटर सिस्टम, वर्चुअल मशीन का डेटा, तीन जियो राउटर, एक एयरटेल राउटर, एक एसईटीयूपी वीटीईपी उपकरण, पेन ड्राइव, मोबाइल फोन और अन्य नेटवर्किंग डिवाइस बरामद किए।
टीम को कंप्यूटर सिस्टम में लिनक्स आधारित वर्चुअल मशीन, फ्री पीबीएक्स लॉगिन और एसएसएच क्लाइंट जैसे रिमोट एक्सेस सॉफ्टवेयर से संबंधित जानकारी मिली। इसके साथ ही व्हाट्सएप चैट में एसआईपी ट्रंक और केबल कनेक्शन से जुड़े महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य मिलने की बात भी सामने आई है।
भारतीय न्याय संहिता समेत अन्य कानूनों में मुकदमा
गिरफ्तार नईमुद्दीन उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के डिलारी थाना क्षेत्र स्थित मनकुआ मकसूदपुर का निवासी है। आरोपी के खिलाफ रुद्रपुर स्थित साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और दूरसंचार अधिनियम, 2023 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
एसटीएफ की कार्रवाई के बाद अब बरामद उपकरणों और डिजिटल रिकॉर्ड के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में कॉलिंग नेटवर्क के संचालन, इस्तेमाल किए गए कनेक्शनों और कथित गतिविधियों से संबंधित अन्य जानकारियों की पड़ताल की जाएगी।

