ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर में सितारगंज हाईवे पर शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में मामा-भांजे की जान चली गई। तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में 22 वर्षीय भांजे रोहित चौहान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल उनके 46 वर्षीय मामा अक्षय लाल चौहान ने अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में दम तोड़ दिया। घटना के बाद डंपर चालक वाहन समेत फरार हो गया।
रेलवे स्टेशन छोड़ने जा रहे थे रोहित
जानकारी के मुताबिक, रोहित चौहान अपने मामा अक्षय लाल चौहान को रेलवे स्टेशन छोड़ने के लिए बाइक से जा रहे थे। अक्षय लाल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के निवासी थे और ट्रेन से अपने घर लौटने वाले थे। दोनों सितारगंज हाईवे पर बगवाड़ा मंडी के सामने पहुंचे ही थे कि तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि रोहित ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, अक्षय लाल गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
CCTV फुटेज से चालक की तलाश
हादसे की सूचना मिलते ही रुद्रपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस अब घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि डंपर और उसके चालक की पहचान की जा सके। आरोपी चालक की तलाश के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

