नैनीताल: कैंची धाम में वीकेंड के दौरान श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संभावित भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने 19 और 20 सितंबर 2026 के लिए विशेष ट्रैफिक और डायवर्जन प्लान जारी किया है। यातायात व्यवस्था सुबह 6 बजे से रात 8 बजे तक लागू रहेगी। यातायात दबाव बढ़ने की स्थिति में पुलिस जरूरत के अनुसार व्यवस्था में बदलाव कर सकती है।

निजी वाहनों के लिए अलग पार्किंग व्यवस्था

पुलिस के प्लान के अनुसार, हल्द्वानी से भीमताल होते हुए कैंची धाम जाने वाले बाहरी राज्यों और अन्य जिलों के निजी वाहनों को भीमताल विकास भवन पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। यहां से श्रद्धालुओं को शटल सेवा या सार्वजनिक परिवहन के माध्यम से भवाली होते हुए कैंची धाम भेजा जाएगा।

वहीं, नैनीताल और गेठिया की ओर से आने वाले वाहनों के लिए भवाली सैनेटोरियम पार्किंग निर्धारित की गई है। यहां वाहन पार्क करने के बाद श्रद्धालुओं को शटल सेवा के जरिए कैंची धाम पहुंचाया जाएगा।

भारी वाहनों के रूट में भी बदलाव

कैंची धाम और भवाली क्षेत्र में यातायात का दबाव कम करने के लिए भारी वाहनों के रूट में भी बदलाव किया गया है। अल्मोड़ा और रानीखेत की ओर से हल्द्वानी आने वाले भारी वाहनों को क्वारब और खैरना क्षेत्र से डायवर्ट किया जाएगा।

जरूरत पड़ने पर इन वाहनों को रामगढ़ और मुक्तेश्वर मार्ग से हल्द्वानी की ओर भेजा जा सकता है। वहीं, हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले आवश्यक सेवा वाले भारी वाहनों को निर्धारित मार्ग से आवागमन की अनुमति रहेगी।

अन्य भारी वाहनों को यातायात की स्थिति के अनुसार भवाली सैनेटोरियम तिराहे पर रोककर चरणबद्ध तरीके से आगे भेजा जा सकता है।

सड़क किनारे पार्किंग पर रोक

पुलिस ने सड़क किनारे अथवा ऐसी जगहों पर वाहन खड़ा करने पर रोक लगाई है, जहां इससे यातायात प्रभावित हो सकता है। निर्धारित पार्किंग स्थल भरने की स्थिति में वाहनों को वैकल्पिक पार्किंग की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

भवाली से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहनों को यातायात दबाव के अनुसार रामगढ़ और खुटानी मार्ग से भेजा जा सकता है। इसी तरह पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले वाहनों के लिए भी जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल किया जाएगा।

कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी और व्यावसायिक वाहनों पर निगरानी

वीकेंड के दौरान कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी और अन्य व्यावसायिक वाहनों के अनावश्यक प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। केवल निर्धारित अथवा अधिकृत वाहनों को ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।

पुलिस के अनुसार, एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन, पुलिस वाहन और अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहनों के निर्बाध आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

श्रद्धालुओं से पुलिस की अपील

नैनीताल पुलिस ने कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करने और डायवर्जन व्यवस्था का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने यात्रियों से शटल सेवा का उपयोग करने और सड़क किनारे वाहन खड़ा नहीं करने को कहा है।

पुलिस के मुताबिक, यह विशेष यातायात व्यवस्था कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में संभावित भीड़ के बीच यातायात को सुचारु बनाए रखने और जाम की स्थिति से बचने के लिए लागू की गई है।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *