जनपद ऊधमसिंह नगर में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने किरायेदार सत्यापन अभियान चलाया। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान बिना सत्यापन के किरायेदार रखने वाले मकान मालिकों और नियमों का उल्लंघन करने वाले किरायेदारों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में किरायेदारों और मकान मालिकों का सत्यापन किया। जांच में कई किरायेदार बिना पुलिस सत्यापन के निवास करते पाए गए। इस पर संबंधित मकान मालिकों पर जुर्माना लगाया गया, जबकि किरायेदारों के भी चालान किए गए।

थाना पुलभट्टा क्षेत्र में 3 मकान मालिकों पर ₹10-10 हजार का जुर्माना लगाया गया, जबकि 5 किरायेदारों का ₹250-₹250 का चालान किया गया।
कोतवाली किच्छा क्षेत्र में 7 मकान मालिकों पर ₹10-10 हजार का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा 2 किरायेदारों के भी चालान काटे गए।

कोतवाली सितारगंज क्षेत्र में 6 मकान मालिकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए प्रत्येक पर ₹10 हजार का जुर्माना लगाया गया, जबकि 11 किरायेदारों पर भी चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि किरायेदार सत्यापन अभियान आगे भी जारी रहेगा। साथ ही मकान मालिकों से अपने किरायेदारों का अनिवार्य रूप से सत्यापन कराने की अपील की गई है, ताकि किसी भी आपराधिक गतिविधि पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

