रुद्रपुर: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार दोपहर रुद्रपुर पहुंचे। यहां उन्होंने किच्छा बाईपास स्थित राधा स्वामी सत्संग भवन में आयोजित सत्संग में शिरकत की और प्रदेश की खुशहाली एवं तरक्की की कामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सत्संग और संगत को संबोधित भी किया।

 

मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर डीपीएस रुद्रपुर के हेलीपैड पर उतरा, जहां विधायक शिव अरोरा, मेयर विकास शर्मा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति समेत भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

हेलीपैड से मुख्यमंत्री सीधे किच्छा बाईपास स्थित राधा स्वामी सत्संग भवन पहुंचे। यहां डेरा प्रमुख की ओर से उनका स्वागत किया गया। सत्संग में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री ने संगत को संबोधित करते हुए कहा कि राधा स्वामी मत मानवता की सेवा और सच्चाई के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आध्यात्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।

मुख्यमंत्री ने सत्संग के दौरान प्रदेश की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ विकास कार्यों पर चर्चा

सत्संग कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ कुछ देर बंद कमरे में बैठक की। इस दौरान रुद्रपुर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों और योजनाओं को लेकर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने और परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्र में चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *