गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के मोदीनगर क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बुदाना गांव में कथित तौर पर संपत्ति विवाद के चलते एक बेटे ने अपने पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान हरिओम नेहरा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी बेटे निखिल नेहरा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

WhatsApp Image 2026-07-16 at 13.18.51

संपत्ति को लेकर हुआ विवाद, चलीं गोलियां

पुलिस के अनुसार, घटना बुधवार देर रात की है। आरोप है कि निखिल नेहरा नशे की हालत में घर पहुंचा और पिता से संपत्ति अपने नाम करने को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने पिता की लाइसेंसी पिस्टल से उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

बताया जा रहा है कि हरिओम नेहरा को कई गोलियां लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

पत्नी की शिकायत पर हत्या का मुकदमा दर्ज

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक की पत्नी मीनाक्षी की तहरीर पर आरोपी बेटे के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

पहले भी छोटे भाई पर कर चुका है हमला

परिजनों के अनुसार, निखिल नेहरा का व्यवहार लंबे समय से आक्रामक था। आरोप है कि वर्ष 2018 में उसने अपने छोटे भाई नीशू नेहरा को भी गोली मारकर घायल कर दिया था। हालांकि उस समय मामले में कोई मुकदमा दर्ज नहीं कराया गया था।

150 करोड़ की संपत्ति को लेकर चल रहा था विवाद

परिवार के मुताबिक, हरिओम नेहरा के पास करीब 150 करोड़ रुपये मूल्य की पैतृक संपत्ति थी, जिसमें लगभग 75 बीघा जमीन, छह दुकानें और अन्य व्यावसायिक संपत्तियां शामिल थीं। उन्होंने पारिवारिक विवाद से बचने के लिए मौखिक रूप से संपत्ति का तीन हिस्सों में बंटवारा किया था।

बताया जा रहा है कि निखिल को करीब 25 बीघा जमीन और दो दुकानें देने की बात तय थी, लेकिन वह पूरी संपत्ति अपने नाम कराने का दबाव बना रहा था। इसी मुद्दे को लेकर परिवार में अक्सर विवाद होता था।

नई जमीन को लेकर भी था विवाद

जानकारी के अनुसार, हरिओम नेहरा ने हाल ही में बुदाना रोड पर करीब पांच बीघा जमीन खरीदी थी, जहां वह बैंक्वेट हॉल बनाना चाहते थे। जबकि आरोपी निखिल उस जमीन पर कॉलोनी विकसित करने की मांग कर रहा था। इसे लेकर भी दोनों के बीच लंबे समय से मतभेद चल रहे थे।

फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई साक्ष्यों एवं जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर की जाएगी।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *