फू क्वोक (वियतनाम): वियतनाम के लोकप्रिय पर्यटन स्थल फू क्वोक द्वीप के पास शनिवार को एक दर्दनाक नौका हादसा हो गया। भारतीय पर्यटकों को लेकर लौट रही एक स्पीडबोट समुद्र में पलट गई, जिसमें अब तक 15 भारतीय पर्यटकों की मौत की पुष्टि हुई है। हादसे में 21 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि राहत एवं बचाव अभियान जारी है।

भारतीय दूतावास ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रभावित परिवारों की हर संभव सहायता के लिए नियंत्रण कक्ष (Control Room) स्थापित किया गया है। दूतावास स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में है।
कैसे हुआ हादसा?
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, हादसा शनिवार दोपहर करीब 1 बजे उस समय हुआ, जब ओशन पर्ल आइलैंड कंपनी द्वारा संचालित स्पीडबोट होन मे रुट न्गोआई (Hon May Rut Ngoai) द्वीप से एन थोई पोर्ट (An Thoi Port) लौट रही थी। बताया गया कि नाव में अचानक तकनीकी खराबी आने के बाद वह समुद्र में पलट गई।
स्पीडबोट में 32 भारतीय पर्यटक और चार चालक दल (क्रू) के सदस्य, कुल 36 लोग सवार थे। हादसा होन मे रुट न्गोआई द्वीप से लगभग 400 मीटर की दूरी पर हुआ, जिसके बाद सभी यात्री समुद्र में गिर गए।
15 लोगों की मौत, 21 को सुरक्षित निकाला गया
फू क्वोक विशेष आर्थिक क्षेत्र के अधिकारियों और एन थोई पोर्ट बॉर्डर गार्ड स्टेशन के अनुसार, हादसे में अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें दो महिलाएं और 13 पुरुष शामिल हैं।
#WATCH | A tourist boat carrying several Indian nationals capsized near Phu Quoc Island, Vietnam.
Video Source: Voice of Vietnam (VOV) https://t.co/lF8oA6zwci pic.twitter.com/Ko9GUUuUKY
— ANI (@ANI) July 11, 2026
आसपास मौजूद पर्यटक नौकाओं ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया, जिसके बाद 21 लोगों को सुरक्षित बचाकर विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया। सभी घायलों का इलाज जारी है।
बड़े स्तर पर चल रहा है रेस्क्यू ऑपरेशन
बचाव अभियान के लिए बॉर्डर गार्ड स्टेशन ने 35 अधिकारियों और जवानों के साथ दो बचाव पोत तैनात किए हैं। वियतनाम की नौसेना और तटरक्षक बल भी राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग कर रहे हैं। स्थानीय प्रशासन का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
लोकप्रिय पर्यटन स्थल है फू क्वोक
थाईलैंड की खाड़ी में स्थित फू क्वोक वियतनाम के सबसे लोकप्रिय समुद्री पर्यटन स्थलों में से एक है। इसके दक्षिण में स्थित होन मे रुट द्वीप अपने सफेद रेतीले समुद्र तट, साफ पानी और कोरल रीफ डाइविंग के लिए प्रसिद्ध है। यहां तक पहुंचने के लिए पर्यटक आमतौर पर 20 से 40 मिनट की स्पीडबोट यात्रा करते हैं।
भारतीय दूतावास ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
भारतीय दूतावास ने हादसे से प्रभावित लोगों और उनके परिजनों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। किसी भी जानकारी या सहायता के लिए निम्नलिखित नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है:
- +84 362817930
- +84 915523714
- +84 334520414
- +84 913089165 (हनोई नियंत्रण कक्ष)
भारतीय दूतावास ने कहा है कि वह स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाए हुए है और प्रभावित भारतीय नागरिकों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
