हल्द्वानी। हल्द्वानी के एमबीपीजी कॉलेज परिसर के मुख्य गेट पर शुक्रवार को दो छात्राओं के बीच हुई मारपीट से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों छात्राओं के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों और अन्य छात्रों ने हस्तक्षेप कर दोनों को अलग कराया।

News Article Hero Image

प्रत्यक्षदर्शियों और कॉलेज कर्मचारियों के अनुसार, विवाद के दौरान दोनों छात्राओं के बीच लात-घूंसे चले और एक-दूसरे के बाल खींचने तक की नौबत आ गई। इस घटना को देखने के लिए कॉलेज गेट पर छात्रों की भीड़ जमा हो गई।

विवाद के पीछे क्या वजह?

कॉलेज कर्मचारियों के मुताबिक, प्रारंभिक जानकारी में विवाद की वजह एक युवक (बॉयफ्रेंड) को लेकर आपसी कहासुनी और पिछले वर्ष हुए छात्रसंघ चुनाव में एक छात्र प्रत्याशी के समर्थन को लेकर मतभेद बताया जा रहा है। हालांकि, इन कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

सुरक्षाकर्मियों ने संभाला मामला

घटना के दौरान सुरक्षाकर्मियों और कॉलेज परिसर में मौजूद छात्रों ने दोनों छात्राओं को अलग कर मामला शांत कराया। बताया जा रहा है कि कुछ देर बाद एक छात्रा कुछ अन्य छात्रों के साथ दोबारा मौके पर पहुंची, जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने हस्तक्षेप करते हुए उन्हें फटकार लगाई और कॉलेज गेट से बाहर भेज दिया।

प्राचार्य ने दिए सख्त कार्रवाई के संकेत

एमबीपीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. एन.एस. बनकोटी ने बताया कि उन्हें घटना की आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि यदि कॉलेज परिसर में किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता या अराजकता की पुष्टि होती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल घटना को लेकर कॉलेज प्रशासन की ओर से कोई औपचारिक शिकायत या पुलिस कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *