रुद्रपुर: अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत रुद्रपुर कोतवाली पुलिस ने फरार आरोपियों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार को पुलिस टीम न्यायालय के आदेश पर उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के बिलासपुर क्षेत्र स्थित डिबडिबा गांव पहुंची, जहां ढोल-नगाड़ों के साथ सार्वजनिक मुनादी कराते हुए दो वांछित अभियुक्तों के घरों पर कुर्की संबंधी नोटिस चस्पा किए गए।

सीओ विभव सैनी ने बताया कि डिबडिबा निवासी जितेंद्र चौधरी और विक्की विभिन्न आपराधिक मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे हैं। दोनों के खिलाफ न्यायालय से गैर-जमानती वारंट (NBW) और उद्घोषणा संबंधी आदेश जारी किए जा चुके हैं।

कोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में पुलिस ने गांव में मुनादी कराकर दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश होने की चेतावनी दी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित अवधि के भीतर दोनों अभियुक्त अदालत के समक्ष उपस्थित नहीं होते हैं, तो उनकी संपत्ति कुर्क करने सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत फरार और वांछित अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून से बचने वाले आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *