रामनगर: उत्तराखंड के नैनीताल जिले के रामनगर में पुलिस ने देर रात एक बड़े अभियान के तहत कथित देह व्यापार के नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर एसओजी और पुलिस लाइन की संयुक्त टीम ने एक रिसॉर्ट में छापेमारी कर 52 लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं, नेपाल, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश की 10 युवतियों को सुरक्षित रेस्क्यू कर संरक्षण में लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, संबंधित रिसॉर्ट में लंबे समय से अवैध गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें मिल रही थीं। इन सूचनाओं का सत्यापन करने के बाद पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से देर रात छापा मारा। कार्रवाई के दौरान रिसॉर्ट के विभिन्न कमरों की तलाशी ली गई, जहां कई संदिग्ध लोग मौजूद मिले। इसके बाद सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई।

बिना लाइसेंस बार संचालन की भी आशंका

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि रिसॉर्ट परिसर में बिना वैध अनुमति के बार संचालित किया जा रहा था। पुलिस ने मौके से अवैध शराब, नकदी और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद करने का दावा किया है। जांच के दौरान रिसॉर्ट के कुछ कर्मचारियों की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई है।

हालांकि, छापेमारी के दौरान रिसॉर्ट का मैनेजर मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

रेस्क्यू की गई युवतियों को सुरक्षित स्थान भेजा गया

पुलिस ने रेस्क्यू की गई 10 युवतियों को निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत सुरक्षित स्थान पर भेज दिया है, जहां उन्हें आवश्यक सहायता और संरक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं, गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस पूरे नेटवर्क की कार्यप्रणाली, इससे जुड़े अन्य लोगों और संभावित सरगनाओं की पहचान करने में जुटी हुई है।

आज शाम होगा पूरा खुलासा

इस कार्रवाई से जुड़े पूरे मामले का विस्तृत खुलासा आज शाम 4:30 बजे रामनगर कोतवाली में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान किया जाएगा। एसएसपी मंजूनाथ टीसी मीडिया को कार्रवाई, बरामदगी, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ दर्ज मुकदमों और आगे की कानूनी कार्रवाई से जुड़ी विस्तृत जानकारी देंगे।

फिलहाल इस कार्रवाई के बाद रामनगर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के प्रयास जारी हैं।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *