नैनीताल: पर्यटन नगरी नैनीताल में नैनी झील से लगातार दूसरे दिन शव मिलने की घटना ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। शनिवार सुबह झील में एक स्थानीय अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को झील से बाहर निकालकर उसकी पहचान कराई। मृतक की पहचान ऑल सेंट्स कॉलेज कंपाउंड निवासी महेंद्र चौहान के रूप में हुई है।

Naini Lake Nainital: Ultimate Travel Guide, Tips & Routes

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह कुछ स्थानीय लोगों की नजर नैनी झील में उतराते हुए एक शव पर पड़ी। इसके बाद तत्काल मल्लीताल कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया और शव को झील से बाहर निकालकर शिनाख्त की प्रक्रिया शुरू की। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान महेंद्र चौहान के रूप में की।

मृतक के बेटे ने बताया कि शुक्रवार देर रात करीब एक बजे उनके पिता शौचालय जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिजनों ने रिश्तेदारों और परिचितों के साथ पूरी रात उनकी तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। शनिवार सुबह पुलिस से नैनी झील में शव मिलने की सूचना मिली, जिसके बाद परिवार मौके पर पहुंचा।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।

गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले शुक्रवार को भी नैनी झील से स्थानीय निवासी मनीष शाह का शव बरामद हुआ था। लगातार दो दिनों में झील से दो शव मिलने की घटनाओं ने शहर में कई सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों की अलग-अलग जांच की जा रही है और फिलहाल किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *