देहरादून। उत्तराखंड में पिछले कुछ दिनों से चर्चा में बने निहंग विवाद के बीच सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई हैं। निहंगों द्वारा उत्तराखंड कूच की घोषणा के बाद देहरादून जिले से सटी हिमाचल प्रदेश सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सीमावर्ती क्षेत्रों में भारी पुलिस बल और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है।

देहरादून के विकासनगर क्षेत्र स्थित कुल्हाल बॉर्डर पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। निहंगों की संभावित आवाजाही को देखते हुए पुलिस ने यहां निगरानी बढ़ा दी है। हालात ऐसे हैं कि सीमा क्षेत्र को अस्थायी पुलिस छावनी का स्वरूप दे दिया गया है। उत्तराखंड पुलिस के साथ भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के जवान भी मोर्चा संभाले हुए हैं।
देर रात से ही पुलिस की विभिन्न टीमें सक्रिय हैं और नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक लगातार निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में अंतरराज्यीय और अंतर्जनपदीय सीमाओं के अलावा प्रमुख आंतरिक मार्गों पर भी वाहनों की सघन जांच की जा रही है।
पुलिस संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रख रही है। संदिग्ध परिस्थितियों में घूमने वाले लोगों से पूछताछ कर उनकी पहचान और सत्यापन किया जा रहा है। वरिष्ठ अधिकारियों को भी मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं।
देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल ने स्पष्ट किया है कि आवश्यक जांच और अनुमति के बिना किसी भी समूह को उत्तराखंड की सीमा में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सुरक्षा एजेंसियां सीमा क्षेत्र की हर गतिविधि पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
मौके पर एसपी देहात पंकज गैरोला, विकासनगर कोतवाल राजीव रौथाण सहित कई वरिष्ठ अधिकारी सुरक्षा प्रबंधों की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस ने हिमाचल प्रदेश को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण मार्गों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए निगरानी बढ़ा दी है। इसके अलावा डाकपत्थर पुल और डाकपत्थर बैराज क्षेत्र में भी सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है, जो दोनों राज्यों के बीच आवागमन के प्रमुख मार्ग माने जाते हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान किसी विशेष समुदाय या समूह को लक्षित करने के लिए नहीं चलाया जा रहा है, बल्कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है।
पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। फिलहाल हिमाचल सीमा से लेकर विकासनगर और डाकपत्थर क्षेत्र तक सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह मुस्तैद हैं और आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति व वाहन की गहन जांच की जा रही है।
