देहरादून: राज्य में अग्नि सुरक्षा को लेकर सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है। मुख्य सचिव आनंदबर्द्धन ने सभी सरकारी और निजी भवनों में फायर सेफ्टी व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत पूरे प्रदेश में संवेदनशील भवनों की पहचान कर विशेष अभियान चलाया जाएगा।

मुख्य सचिव ने सभी विभागों के सचिवों और जिलाधिकारियों को निर्देशित किया है कि ऊंची इमारतों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, तंग गलियों में स्थित भवनों और ऐसे परिसरों का प्राथमिकता के आधार पर सर्वे किया जाए, जहां सुरक्षित निकासी मार्ग उपलब्ध नहीं हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जिलाधिकारी अपने-अपने जनपद में ऐसे संवेदनशील स्थलों का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। इस अभियान का उद्देश्य संभावित आग की घटनाओं को रोकना और आम लोगों की सुरक्षा को सुनिश्चित करना है।
इसके साथ ही सभी विभागों को व्यापक फायर सेफ्टी ऑडिट कराने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य सचिव ने कहा कि ऑडिट के दौरान जहां भी खामियां पाई जाएं, वहां तत्काल प्रभाव से अग्नि सुरक्षा मानकों को लागू किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सुरक्षा नियमों के पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समय रहते प्रभावी कदम उठाकर आग जैसी घटनाओं से होने वाली जनहानि और आर्थिक नुकसान को काफी हद तक रोका जा सकता है।
