ऋषिकेश: टिहरी गढ़वाल के मुनि की रेती क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में शिवपुरी चौकी प्रभारी विनोद शर्मा की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे पुलिस विभाग में शोक की लहर फैल गई है, जबकि परिजनों में मातम का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक, विनोद शर्मा सोमवार रात ड्यूटी पर तैनात थे। मंगलवार सुबह ड्यूटी खत्म कर वह अपने निजी वाहन से शिवपुरी की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक उन्हें झपकी आ गई, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। खाई में उतरकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया और उन्हें बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस विभाग के अधिकारियों के अनुसार, विनोद शर्मा एक कर्मठ और जिम्मेदार अधिकारी थे। उनके अचानक निधन से विभाग को गहरा आघात पहुंचा है।

मुनि की रेती थाना के उपनिरीक्षक योगेश पाण्डेय ने बताया कि नाइट ड्यूटी के बाद लौटते समय यह हादसा हुआ। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिवंगत अधिकारी को श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

गौरतलब है कि हाल के दिनों में प्रदेश में सुरक्षा बलों से जुड़ी ऐसी घटनाएं बढ़ी हैं, जिससे चिंता भी जताई जा रही है।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *