रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर: रुद्रपुर की बेटी जसमीत कौर ने उत्तराखंड लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित पीसीएस परीक्षा में प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल कर जिले और अपने परिवार का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर पूरे जिले में खुशी की लहर है और घर पर शुभकामनाओं का तांता लगा हुआ है।

रुद्रपुर की जसमीत कौर ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा आर्य पब्लिक स्कूल से पूरी की, इसके बाद होली चाइल्ड स्कूल से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने दिल्ली का रुख किया और वहीं से स्नातक की डिग्री हासिल की। बचपन से ही मेधावी रही जसमीत ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं में प्रथम स्थान प्राप्त किया, साथ ही नौवीं कक्षा में अबेकस प्रतियोगिता में उत्तराखंड अवार्ड भी जीता।

जसमीत कौर ने यह सफलता दूसरे प्रयास में हासिल की है। पहले प्रयास में उनका चयन समाज कल्याण अधिकारी के पद पर हुआ था और वर्तमान में उनकी तैनाती बागेश्वर में है। उन्होंने अपने लक्ष्य को और ऊंचा रखते हुए पीसीएस परीक्षा की तैयारी जारी रखी और इस बार प्रदेश में पहला स्थान हासिल कर अपनी मेहनत का शानदार परिणाम प्राप्त किया।

जसमीत कौर ने बताया कि उन्होंने परीक्षा की तैयारी के दौरान प्रतिदिन 8-10 घंटे अध्ययन किया। नियमित अध्ययन, अनुशासन और आत्मविश्वास उनकी सफलता के मुख्य आधार रहे। पढ़ाई के साथ-साथ उन्हें बैडमिंटन खेलना भी बेहद पसंद है, जिससे मानसिक संतुलन और ऊर्जा बनाए रखने में मदद मिली।

जसमीत ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और परिवार के सहयोग को दिया। उनके पिता जसवंत सिंह पाहवा ने कहा कि बेटी की इस सफलता ने पूरे परिवार को गौरवान्वित कर दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि बच्चों को निरंतर प्रेरित और प्रोत्साहित करने से ही बेहतर परिणामों की उम्मीद की जा सकती है।

जसमीत कौर की यह सफलता न केवल ऊधम सिंह नगर बल्कि पूरे उत्तराखंड के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने साबित कर दिया कि दृढ़ संकल्प, कड़ी मेहनत और सही मार्गदर्शन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *