हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस ने मुखानी क्षेत्र में स्थित एक निजी कार्यालय से लाखों रुपये की चोरी की घटना का 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की रकम में से 3.17 लाख रुपये नकद और महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं।

 

जानकारी के अनुसार, 27 मई को हिम्मतपुर तल्ला निवासी विक्रम सिंह कनवाल ने थाना मुखानी में शिकायत दर्ज कराई थी कि बच्ची नगर स्थित उनके कार्यालय का शटर उखाड़कर अज्ञात चोर करीब 3.50 लाख रुपये नकद और आवश्यक दस्तावेज चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर गठित टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिनके आधार पर आरोपी की पहचान की गई।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पूर्व में उक्त कार्यालय में रंगाई-पुताई का कार्य कर चुका था। इसी दौरान उसने कार्यालय की गतिविधियों और सुरक्षा व्यवस्था की रेकी की थी। बाद में उसने सुनियोजित तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने मुखानी क्षेत्र के लामाचौड़ खास में चेकिंग अभियान के दौरान आरोपी बबलू को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले का निवासी है और वर्तमान में हल्द्वानी में रह रहा था।

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 3 लाख 17 हजार 500 रुपये नकद तथा वादी का आधार कार्ड बरामद किया। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।

इस कार्रवाई को एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल, सीओ हल्द्वानी अमित कुमार तथा थानाध्यक्ष सुशील जोशी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने अंजाम दिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी की घटना का सफल खुलासा संभव हो सका।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *