रुद्रपुर: उधम सिंह नगर के दिनेशपुर थाना क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक कथित फर्जी डॉक्टर को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी पर आयुर्वेदिक दवाओं में एलोपैथिक दवाएं मिलाकर बिना अनुमति इलाज करने का आरोप है।
![]()
जानकारी के अनुसार, पीलीभीत निवासी युवक खुद को डॉक्टर बताकर लंबे समय से मरीजों का उपचार कर रहा था। शिकायत मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग, पुलिस और आयुर्वेदिक टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की और मौके से आरोपी को पकड़ लिया।
जांच के दौरान क्लीनिक से कई संदिग्ध दवाएं बरामद की गईं। अधिकारियों के अनुसार, आरोपी केवल 12वीं पास है और उसके पास किसी भी प्रकार की वैध चिकित्सकीय डिग्री या अनुमति संबंधी दस्तावेज नहीं पाए गए। प्रारंभिक जांच में क्लीनिक संचालन और दवाओं से जुड़े कई अनियमितताएं भी सामने आई हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने सभी दवाओं के सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। ड्रग इंस्पेक्टर ने बताया कि रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस भी मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने ऐसे फर्जी चिकित्सकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि मरीजों के स्वास्थ्य के साथ होने वाले खिलवाड़ को रोका जा सके।
