उधम सिंह नगर। जनपद में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने खुद मैदान में उतरकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने सायंकालीन पैदल गश्त करते हुए पुलिस की उपस्थिति को और प्रभावी बनाया और वाहन गश्त के बजाय पैदल गश्त को प्राथमिकता देते हुए ईंधन बचत के राष्ट्रहित अभियान को भी आगे बढ़ाया।

एसएसपी अजय गणपति के नेतृत्व में कोतवाली रुद्रपुर क्षेत्र, मुख्य बाजार, रम्पुरा समेत अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च आयोजित किया गया। इस अभियान का उद्देश्य जनमानस में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाना और अपराधियों में भय पैदा करना है।

गश्त के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों, उपद्रवियों और असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखी गई। एसएसपी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस प्रशासन का यह अभियान लगातार जारी रहेगा, जिससे आम जनता में सुरक्षा की भावना मजबूत हो और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
