देहरादून: ज्योति रौतेला नर्सिंग एकता मंच के प्रदर्शन के दौरान पानी की टंकी पर चढ़कर आत्मदाह की धमकी देने के मामले में उत्तराखंड महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला समेत अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

यह मामला डालनवाला कोतवाली में दर्ज किया गया है।

11 मई को ज्योति रौतेला और नर्सिंग बेरोजगार युवाओं ने अपनी मांगों को लेकर परेड ग्राउंड स्थित पेयजल विभाग की प्रतिबंधित पानी की टंकी पर चढ़ गए। प्रशासन और पुलिस के बार-बार समझाने के बावजूद प्रदर्शनकारी नीचे उतरने को तैयार नहीं हुए।

12 मई को स्थिति और गंभीर हो गई, जब ज्योति रौतेला ने कथित तौर पर अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह की धमकी दी। मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों ने उन्हें ऐसा कदम न उठाने की अपील की। प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर यातायात को भी बाधित किया।

लंबी बातचीत के बाद प्रशासन ने उनकी मांगों का प्रस्ताव शासन को भेजने का आश्वासन दिया, जिसके बाद ज्योति रौतेला अपने चार साथियों के साथ टंकी से नीचे उतरीं। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि प्रदर्शनकारियों पर सड़क जाम करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने, लोक सेवक के आदेश की अवहेलना करने और आत्मदाह की धमकी देकर लोक शांति भंग करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।

 अस्पताल से प्रतिक्रिया देते हुए ज्योति रौतेला ने कहा कि प्रदर्शन में शामिल छात्रों के खिलाफ कोई कार्रवाई न की जाए। अगर कोई कानूनी कार्रवाई करनी है तो वह उनके खिलाफ की जाए। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि नर्सिंग कर्मचारियों की लड़ाई अभी जारी रहेगी।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *