लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि राज्य के सभी स्कूलों, कॉलेजों और शैक्षणिक संस्थानों में अब ‘वंदे मातरम्’ गीत गाना अनिवार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह गीत केवल एक रचना नहीं, बल्कि भारत की आज़ादी और राष्ट्रभक्ति की पहचान है।

सीएम योगी ने कहा, “आप याद कीजिए, वही गीत जिसने भारत की सोई हुई चेतना को जगाया था। आज़ादी के आंदोलन के दौरान ‘वंदे मातरम्’ का उद्घोष हर क्रांतिकारी के दिल में जोश भर देता था। यह गीत विदेशी दासता से मुक्ति का मंत्र बन गया था।”
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, “कुछ लोगों ने ‘वंदे मातरम्’ को सांप्रदायिक बताने की कोशिश की। कांग्रेस ने कहा कि इसके पांच-छह छंद क्यों पढ़ने हैं, सिर्फ दो ही काफी हैं। यह सोच देश की एकता के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है।”
योगी ने कहा कि देश की एकता को कमजोर करने वाली ताकतों को पहचानना और उनसे सख्ती से निपटना जरूरी है। “कोई व्यक्ति, धर्म या मजहब राष्ट्र से बड़ा नहीं हो सकता। अगर किसी की आस्था राष्ट्रीय एकता में बाधा बनती है, तो उसे रोकना होगा,” उन्होंने स्पष्ट किया।
सीएम ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ भारत की एकता, स्वतंत्रता और सम्मान का प्रतीक है, इसलिए इसे गाना हर भारतीय का सम्मान और कर्तव्य दोनों है। सरकार जल्द ही इस निर्णय को लागू करने के लिए निर्देश जारी करेगी।
