देहरादून: परेड ग्राउंड में स्रोत महोत्सव 2025 का भव्य आगाज हो गया है। यह सांस्कृतिक महोत्सव 7 अक्टूबर से 13 अक्टूबर तक चलेगा, जिसमें देशभर के 100 से अधिक कारीगर, कलाकार और स्वयं सहायता समूह अपनी कला और हुनर का प्रदर्शन करेंगे। महोत्सव का उद्घाटन फिल्म अभिनेता पंकज त्रिपाठी ने मुख्य अतिथि के रूप में किया।
उद्घाटन के मौके पर पंकज त्रिपाठी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वोकल फॉर लोकल अभियान को अपनाने की अपील करते हुए कहा कि आज मशीनों से नहीं बल्कि हाथ से बनी वस्तुओं को अपनाना और बढ़ावा देना जरूरी है। उन्होंने लोगों से कहा कि यह कदम कारीगरों के कौशल और स्थानीय शिल्प को नई पहचान देगा।
उद्घाटन समारोह में जौनसारी गीतों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया, जबकि राजस्थान के लोक संगीत उस्ताद पद्मश्री अनवर खान की प्रस्तुति महोत्सव का मुख्य आकर्षण रही।
तारा जोशी फाउंडेशन की सचिव किरन जोशी ने बताया कि पूरे सप्ताह लोग लोक और फ्यूजन संगीत का आनंद ले सकेंगे, जिसमें रूहान भारद्वाज, विक्की चौहान और भक्त चरण सिंह चौधरी जैसे कलाकार पहाड़ी ढोल दमाऊ शैली में प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा युवाओं और विद्यार्थियों के लिए मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता, वैदिक गणित और ओपन माइक पोएट्री पर कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी।
महोत्सव में हथकरघा, जनजातीय शिल्प, आभूषण, मिट्टी के बर्तन और गृह सज्जा के सामान का भव्य प्रदर्शन भी किया जाएगा। गरबा और डांडिया नाइट्स महोत्सव के उत्सवपूर्ण माहौल को और रंगीन बनाएंगे।
समापन समारोह 13 अक्टूबर को होगा, जिसमें गीता धामी महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता पर अपने विचार साझा करेंगी। इस दौरान देशभर से आए कारीगरों और पैनलिस्टों का सम्मान भी किया जाएगा।