DSAT Scholarship Ad

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोमवार को पूंछ जिले का दौरा किया और पाकिस्तान की ओर से की गई बिना उकसावे वाली गोलीबारी में मारे गए लोगों के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान एलजी सिन्हा ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाएगी। साथ ही उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा एक्स-ग्रेच्युटी और अन्य राहत पहले ही दी जा चुकी है और जरूरत के मुताबिक आगे भी सहायता दी जाएगी।

एलजी ने कहा, “प्रभावित परिवारों का पुनर्वास मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर प्रशासन पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।”

सीमावर्ती क्षेत्रों में बनेंगे नए बंकर

मनोज सिन्हा ने जानकारी दी कि सिक्योरिटी रिलेटेड एक्सपेंडिचर (SRE) योजना के तहत सीमावर्ती क्षेत्रों में व्यक्तिगत और सामूहिक बंकरों के निर्माण को तेज किया जाएगा ताकि स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

अपने दौरे के दौरान एलजी ने पूंछ स्थित गुरुद्वारा डेरा संतपुरा नागली साहिब में श्रद्धांजलि अर्पित की और वहां मौजूद लोगों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने क्षेत्र के लोगों की बहादुरी और सामाजिक एकता की सराहना की।

धार्मिक स्थलों को बनाया गया निशाना: LG का पाकिस्तान पर हमला

एलजी मनोज सिन्हा ने पाकिस्तान पर आरोप लगाया कि उसने गुरुद्वारा, मंदिर और मस्जिद जैसे पवित्र स्थलों को निशाना बनाकर समाज में सांप्रदायिक तनाव फैलाने की कोशिश की है। उन्होंने कहा, “पूंछ के लोगों ने अपने साहस से सैनिकों को नैतिक समर्थन दिया है। हमें अपने नागरिकों, खासकर सिख समुदाय पर गर्व है, जो किसी भी धार्मिक विभाजन की साजिश के खिलाफ एकजुट हैं।”

आतंकवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी

एलजी सिन्हा ने आतंकवाद के खिलाफ चल रही कार्रवाई पर जोर देते हुए कहा कि केंद्र सरकार, जम्मू-कश्मीर प्रशासन और सुरक्षा बल इस दिशा में पूरी मजबूती से काम कर रहे हैं। दौरे के अंत में उन्होंने डंगुस क्षेत्र का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि घायल परिवारों को सभी जरूरी सुविधाएं जल्द से जल्द उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही उन्होंने बंकर निर्माण, अस्पतालों की स्थिति में सुधार और सिविल डिफेंस सिस्टम को मजबूत करने के निर्देश भी दिए।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *