कानपुर पुलिस को बुधवार सुबह करीब 6 बजे एक फोन आया कि गुजैनी इलाके के हाईवे पर एक महिला की लाश पड़ी है। पुलिस मौके पर पहुंची तो उन्होंने देखा कि लाश की हालत बहुत खराब थी। महिला का चेहरा बुरी तरह क्षत-विक्षत था, शरीर पर बहुत कम कपड़े थे, और दाएं हाथ पर कलावा बंधा हुआ था।

नई दिल्ली: कानपुर के गुजैनी इलाके के एलीवेटेड हाईवे पर बुधवार सुबह अचानक तेज रफ्तार गाड़ियों की आवाजें थम गईं। सुबह लगभग 6 बजे पुलिस की गाड़ियां और कुछ लोग हाईवे पर खड़े थे, लेकिन माहौल अजीब तरह से शांत था। पुलिस को मुन्ना तिराहा से 50 मीटर पहले हाईवे के बीच अर्धनग्न महिला की लाश मिली। महिला का चेहरा इतनी बुरी तरह क्षत-विक्षत था कि सिर के बाल ही बचे थे, और शरीर पर कपड़े बस चिथड़े थे। दाएं हाथ पर कलावा भी बंधा था। मौके पर कोई ऐसा सबूत नहीं मिला जिससे महिला की पहचान हो सके।

महिला कौन थी और उसकी लाश यहां कैसे पहुंची? क्या वह किसी हादसे का शिकार हुई या फिर हत्या की गई? लाश अर्धनग्न हालत में मिली, तो क्या उसके साथ शारीरिक शोषण भी किया गया था? इन सवालों का जवाब पाने के लिए पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरे चेक करना शुरू किया। चूंकि लाश हाईवे पर मिली थी, वहां कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं था। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की गई, लेकिन पहचान का कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस ने पिछले दिनों के रिकॉर्ड भी देखे, लेकिन कोई गुमशुदगी की शिकायत नहीं मिली।

स्लेटी सलवार और चप्पलों से पहचान!

कानपुर पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद आसपास के सीसीटीवी कैमरे चेक किए और इसके लिए तीन टीमें बनाई गईं। थोड़ी मेहनत के बाद पुलिस को एक सुराग मिला। हाईवे के दूसरी ओर एक प्राइवेट हॉस्पिटल के सीसीटीवी में एक महिला नजर आई, जिसका हुलिया लाश से मेल खा रहा था। लाश अर्धनग्न थी और निचले हिस्से पर स्लेटी रंग की सलवार के चिथड़े थे। सीसीटीवी में दिख रही महिला ने भी स्लेटी रंग की सलवार पहनी हुई थी और दोनों की चप्पलों का रंग भी समान था। पुलिस ने अब यह मान लिया है कि लाश वही महिला हो सकती है जो वीडियो में दिखाई दे रही है।

जांच के लिए खोले गए 55 CCTV कैमरे

हालांकि कई सवाल अभी भी जवाब का इंतजार कर रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज में महिला सुबह करीब साढ़े चार बजे हॉस्पिटल के पास टहलती दिख रही है, जबकि उसकी लाश सुबह 6 बजे मिली। इस बीच डेढ़ घंटे के समय में वह महिला कहां रही, यह एक बड़ा सवाल है। इस सवाल के जवाब के लिए पुलिस ने घटनास्थल से तीन किलोमीटर पहले तक लगे करीब 55 सीसीटीवी कैमरे चेक किए। कुछ कैमरों में महिला नजर आई, लेकिन पहचान के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। पुलिस को यह भी पता नहीं चला कि महिला कहाँ से आई और तीन किलोमीटर चलकर सड़क के दूसरी ओर कैसे पहुंची।

24 घंटे बीतने के बाद भी लाश की पहचान नहीं हुई

कानपुर पुलिस ने महिला के टूटे हुए दांतों को डीएनए टेस्ट के लिए भेज दिया है और उसकी मौत की वजह जानने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। इसके साथ ही, आसपास के थानों को भी सूचना भेजी गई है। पुलिस के जवान घटनास्थल के पास के इलाकों में लोगों से पूछताछ कर महिला की पहचान की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। एक बड़ा सवाल यह भी है कि 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद महिला का कोई रिश्तेदार, दोस्त या परिजन अब तक सामने क्यों नहीं आया है।

By