हरिद्वार के सिडकुल थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है। पूर्व विधायक सुरेश राठौर के होटल के मैनेजर पर करीब तीन लाख रुपये और एक सोने की अंगूठी लेकर फरार होने का आरोप है। साथ ही उस पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, शिवालिक नगर (टिहरी विस्थापित), गली नंबर छह निवासी सोमिल चौधरी ने तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि उनके ससुर सुरेश राठौर के होटल ‘रानीपुर राजवाड़ा’ में देवेश शर्मा को मैनेजर नियुक्त किया गया था। शुरुआत में उसने भरोसा जीता और अच्छे से काम किया, जिसके बाद उसे होटल के बैंक खाते, चेकबुक और डेबिट कार्ड की जिम्मेदारी भी सौंपी गई।

शिकायत में कहा गया है कि पिछले तीन महीनों से होटल कर्मचारियों को वेतन नहीं मिला। इस दौरान आरोपी ने करीब तीन लाख रुपये और एक सोने की अंगूठी लेकर बिना जानकारी दिए फरार हो गया। वह कथित तौर पर पिछले कुछ महीनों से हरिपुर कलां क्षेत्र में रह रहा था।

सोमिल चौधरी ने बताया कि जब उससे संपर्क करने की कोशिश की गई तो उसने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। सिडकुल थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने कहा कि शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *