आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर प्रदेश भाजपा ने गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में पार्टी की कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक 14 फरवरी को देहरादून में प्रस्तावित है। बैठक की अध्यक्षता भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार कोर कमेटी की घोषणा एक-दो दिनों में कर दी जाएगी।

भाजपा कोर कमेटी की यह बैठक चुनावी दृष्टि से निर्णायक मानी जा रही है। बैठक में राज्य से जुड़े प्रमुख राजनीतिक विषयों पर रणनीतिक चर्चा होगी। इसमें संभावित गठबंधन, प्रमुख चुनावी अभियानों की दिशा, संगठन की प्राथमिकताएं और चुनावी खाका तैयार किया जाएगा। विधानसभा चुनाव से पहले प्रत्येक सीट पर स्थिति का आकलन, उम्मीदवार चयन की प्रक्रिया, प्रचार से जुड़े मुद्दों और संगठन की मजबूत व कमजोर इकाइयों पर विचार होगा।

बैठक में जिला, मंडल और बूथ स्तर तक संगठनात्मक ढांचे की समीक्षा की जाएगी। साथ ही यह भी तय किया जाएगा कि किन क्षेत्रों में संगठन मजबूत स्थिति में है और कहां संगठनात्मक सुधार की आवश्यकता है। सरकार और संगठन के बीच समन्वय को और बेहतर बनाने के लिए दिशा-निर्देश तय किए जाएंगे। मंत्रियों और संगठन पदाधिकारियों की जिम्मेदारियों को लेकर भी चर्चा होगी।

बैठक के एजेंडे में यह विषय भी शामिल है कि केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को चुनावी मुद्दों से जोड़ते हुए आम जनता तक कैसे पहुंचाया जाए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि कोर कमेटी की घोषणा शीघ्र की जाएगी, जिसके बाद जेपी नड्डा की अध्यक्षता में बैठक होगी।

राज्य स्तरीय सर्वे रिपोर्ट पर होगा मंथन

भाजपा का पहला राज्य स्तरीय सर्वे पूरा हो चुका है, जिसकी रिपोर्ट कोर कमेटी के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी। इस रिपोर्ट के आधार पर पार्टी अपनी चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देगी। महेंद्र भट्ट ने बताया कि पहले चरण के सर्वे के बाद अब दूसरे चरण का सर्वे शुरू किया जाएगा, जबकि केंद्रीय नेतृत्व की ओर से अलग से सर्वे कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी प्रयासों का उद्देश्य विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करना है।

नेताओं को साफ संदेश, सीट बदलने की अनुमति नहीं

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने स्पष्ट किया कि विधायक हों या मंत्री, सभी नेताओं को अपनी मौजूदा विधानसभा सीट से ही चुनाव की तैयारी करनी होगी। संगठन ने इस संबंध में अपना रुख साफ कर दिया है और चुनाव से पहले किसी को भी सीट बदलने की छूट नहीं दी जाएगी।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *