काशीपुर, उधम सिंह नगर: खनन सामग्री से लदे एक ट्रक ने बाइक सवार व्यक्ति को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए लोग मृतक का शव लेकर सड़क पर बैठ गए और धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को शांत करने की कोशिश की। इसी दौरान नेता विपक्ष यशपाल आर्य भी घटनास्थल पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों के साथ धरने में बैठकर प्रशासन पर कार्रवाई न करने के आरोप लगाए।
कई घंटों तक जारी रहे हाईवोल्टेज हालात के बाद पुलिस ने ओवरलोड खनन वाहनों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद धरना समाप्त हुआ। नेता विपक्ष ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढाढस बंधाया। उन्होंने कहा कि पिछले सात दिनों में पांच मौतें हुई हैं, लेकिन प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। उन्होंने खनन कारोबार में सरकार और अधिकारियों की मिलीभगत पर भी सवाल उठाए।
घटना के दौरान गुस्साए लोगों ने हादसे का कारण बने ट्रक को आग के हवाले कर दिया, जिसे पुलिस ने नियंत्रित किया। नेता विपक्ष ने चेतावनी दी कि ऐसे मामलों में लापरवाही और माफिया गठजोड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
