नई दिल्ली। भारत निर्वाचन आयोग ने अप्रैल 2026 में रिक्त हो रही राज्यसभा की 37 सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया है। इन सीटों पर महाराष्ट्र, तमिलनाडु, बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में मतदान कराया जाएगा।

राज्यवार सीटों का ब्योरा
घोषित कार्यक्रम के अनुसार महाराष्ट्र से 7, तमिलनाडु से 6, बिहार और पश्चिम बंगाल से 5-5, ओडिशा से 4, असम से 3, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और हरियाणा से 2-2 तथा हिमाचल प्रदेश से 1 सीट पर चुनाव होगा।
प्रमुख सेवानिवृत्त होने वाले सदस्य
तेलंगाना से अभिषेक मनु सिंघवी और के.आर. सुरेश रेड्डी 9 अप्रैल को सेवानिवृत्त होंगे। असम से रामेश्वर तेली, भुवनेश्वर कलिता और अजीत कुमार भुइयां का कार्यकाल भी समाप्त हो रहा है।
तमिलनाडु से एन.आर. एलंगो, पी. सेल्वारासु, एम. थंबीदुरई, तिरुचि शिवा, डॉ. कनिमोझी एनवीएन सोमू और जी.के. वासन 2 अप्रैल को राज्यसभा से रिटायर होंगे।
महाराष्ट्र से डॉ. भगवत कराड, डॉ. फौजिया खान, प्रियंका चतुर्वेदी, शरद पवार, धैर्यशील पाटिल, रजनी पाटिल और रामदास आठवले का कार्यकाल पूरा हो रहा है। अन्य राज्यों के कई सांसद भी अप्रैल में सेवानिवृत्त होंगे।
चुनाव कार्यक्रम एक नजर में
-
अधिसूचना जारी: 26 फरवरी 2026
-
नामांकन की अंतिम तिथि: 5 मार्च 2026
-
नामांकन पत्रों की जांच: 6 मार्च 2026
-
नाम वापसी की अंतिम तिथि: 9 मार्च 2026
-
मतदान: 16 मार्च 2026 (सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक)
-
मतगणना: 16 मार्च 2026 (शाम 5 बजे से)
-
पूरी चुनाव प्रक्रिया: 20 मार्च 2026 तक
आयोग के निर्देश
निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि मतपत्र पर वरीयता अंकित करने के लिए केवल रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा उपलब्ध कराए गए निर्धारित बैंगनी रंग के स्केच पेन का उपयोग किया जाएगा। किसी अन्य पेन का प्रयोग मान्य नहीं होगा।
स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए आयोग द्वारा पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की जाएगी और पूरी प्रक्रिया पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
इन चुनावों के परिणाम से राज्यसभा में दलों की स्थिति पर प्रभाव पड़ने की संभावना है, जिससे राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।
