रुद्रपुर: ऊधम सिंह नगर को खेल अवसंरचना के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि मिली है। रुद्रपुर स्थित मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम में 15 करोड़ 72 लाख रुपये की लागत से 400 मीटर का 8-लेन अंतरराष्ट्रीय मानकों वाला सिंथेटिक ट्रैक तैयार हो गया है। इस सुविधा से जिले सहित पूरे उत्तराखंड के खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण का मंच मिलेगा।

वैश्विक मानकों के अनुरूप निर्माण

ट्रैक की मार्किंग और तकनीकी परीक्षण अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार कराए गए हैं। गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए रूस की विशेषज्ञ टीम द्वारा टेस्टिंग की गई। निर्माण कार्य पेयजल निर्माण निगम की निगरानी में पूरा हुआ, जिसमें उच्च गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा गया।

Rudrapur Athletic Synthetic Track

स्थानीय स्तर पर मिलेगी आधुनिक सुविधा

अब तक खिलाड़ियों को उन्नत अभ्यास के लिए देहरादून या अन्य राज्यों का रुख करना पड़ता था। नई व्यवस्था से ऊधम सिंह नगर और आसपास के क्षेत्रों के एथलीट्स को अपने जिले में ही पेशेवर प्रशिक्षण वातावरण उपलब्ध होगा। सिंथेटिक ट्रैक पर अभ्यास से प्रदर्शन में सुधार और चोट की संभावना में कमी आएगी।

Rudrapur Athletic Synthetic Track

बैडमिंटन इंडोर हॉल भी तैयार

स्टेडियम परिसर में बने बैडमिंटन इंडोर हॉल का भी शीघ्र उद्घाटन प्रस्तावित है। इसके नवीनीकरण पर करीब तीन करोड़ रुपये व्यय किए गए हैं, जिससे बैडमिंटन खिलाड़ियों को आधुनिक अभ्यास और प्रतियोगिता आयोजन की बेहतर सुविधा मिलेगी।

खेल नीति पर सरकार का फोकस

जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार खेल अवसंरचना को सुदृढ़ करने और प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह ट्रैक युवाओं के सपनों को नई दिशा देगा और उत्तराखंड के एथलीट्स को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाएगा।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *