देहरादून: सोशल मीडिया की ताकत लगातार बढ़ रही है, लेकिन यहां वायरल होने वाले वीडियो की सच्चाई जांचना पुलिस के लिए गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। कोई भी वीडियो कुछ ही मिनटों में हजारों लोगों तक पहुंच जाती है और उसके बाद पुलिस को उसकी सत्यता की पड़ताल में जुटना पड़ता है। ऐसे में बिना पुष्टि किए वीडियो को लाइक या शेयर करना आम लोगों को भी कानूनी दिक्कतों में डाल सकता है।

सोशल मीडिया पर वीडियो बनाकर धमकी देना, आत्महत्या की चेतावनी देना या निजी रंजिश निकालना अब आम होता जा रहा है। इसके साथ ही हथियारों के साथ वीडियो, खतरनाक स्टंट और नियमों का उल्लंघन करती गतिविधियां पोस्ट कर युवा लाइक और व्यूज की होड़ में लगे हुए हैं। इन मामलों में वीडियो में दिखाई देने वाले लोगों की पहचान और वास्तविकता तक पहुंचना पुलिस के लिए आसान नहीं होता।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आधुनिक तकनीक के सकारात्मक और नकारात्मक दोनों पहलू हैं। एक ओर सोशल मीडिया सूचना के तेज प्रसार का माध्यम है, वहीं दूसरी ओर बिना किसी विश्वसनीय स्रोत के गलत और भ्रामक खबरें तेजी से फैल जाती हैं। अक्सर देखा जाता है कि नकारात्मक और गलत सूचनाएं ज्यादा तेजी से साझा की जाती हैं, जिससे समाज में भ्रम और तनाव पैदा होता है।

देहरादून के एसएसपी अजय सिंह ने आम जनता से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी पोस्ट को शेयर करने से पहले उसकी सत्यता जरूर जांच लें। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति गलत या भ्रामक पोस्ट को आगे बढ़ाता है, तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। कई मामलों में इस तरह की पोस्ट को लेकर मुकदमे भी दर्ज किए गए हैं।

एसएसपी ने बताया कि प्रतिदिन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सैकड़ों की संख्या में अलग-अलग तरह की पोस्ट सामने आती हैं। किसी गलत वीडियो के वायरल होने के बाद सबसे बड़ी समस्या उसके तेजी से फैलने की होती है, क्योंकि नकारात्मक कंटेंट बहुत जल्दी शेयर हो जाता है। ऐसे में वीडियो को हटवाना भी पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण हो जाता है।

इन्हीं चुनौतियों को देखते हुए दून पुलिस ने सोशल मीडिया मॉनिटरिंग को सक्रिय और मजबूत किया है। सभी थानों और संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर सोशल मीडिया पर नजर रखी जा रही है। अनजाने में गलत पोस्ट करने वालों को पुलिस द्वारा समझाइश दी जाती है, जबकि जानबूझकर भ्रामक या आपत्तिजनक कंटेंट फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *