रुद्रपुर। पुष्कर सिंह धामी ने गांधी मैदान में आयोजित सरस आजीविका मेले के उद्घाटन समारोह में अपने संघर्षपूर्ण दिनों को याद करते हुए भावुक संस्मरण साझा किए। उन्होंने काशीपुर बाईपास पर लगने वाले ‘रस्तोगी राजमा चावल’ ठेले का जिक्र करते हुए बताया कि राजनीति के शुरुआती दौर में जब उनके पास सीमित साधन थे, तब वे वहीं भोजन किया करते थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा मोर्चा के दिनों में रुद्रपुर प्रवास के दौरान बड़े होटलों में खाना संभव नहीं था। ऐसे समय में राजाराम रस्तोगी के ठेले पर 10 रुपये में मिलने वाली एक प्लेट राजमा चावल से ही भोजन हो जाता था। उन्होंने कहा कि संघर्ष के वही दिन आज उन्हें और अधिक जिम्मेदारी के साथ काम करने की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम के दौरान जानकारी मिली कि राजाराम रस्तोगी भी समारोह में मौजूद हैं। इस पर मुख्यमंत्री ने उन्हें मंच पर बुलाकर सम्मानित किया और हाथ मिलाकर अभिवादन किया। मुलाकात के दौरान राजाराम रस्तोगी भावुक हो गए और मुख्यमंत्री को पुनः अपने ठेले पर आने का निमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री ने जल्द ही वहां पहुंचने का भरोसा दिलाया।
राजाराम रस्तोगी ने बताया कि मुख्यमंत्री जब युवा राजनीति में सक्रिय थे, तभी से उनके ठेले पर आते रहे हैं। प्रदेश की बागडोर संभालने के बाद भी वे अचानक उनके ठेले पर पहुंचे थे, जिसे वे अपने जीवन का गौरवपूर्ण क्षण मानते हैं।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कुछ लोग उनके रुद्रपुर से विशेष लगाव को देखते हुए यहां से चुनाव लड़ने की सलाह देते हैं, लेकिन वे पूरे प्रदेश की 70 विधानसभा सीटों को अपना क्षेत्र मानते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आगामी चुनाव में पिछली बार की तुलना में अधिक सीटों पर जीत हासिल होगी।
