देहरादून: आगामी चारधाम यात्रा को स्वच्छ और पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिलाधिकारी प्रतीक जैन की अध्यक्षता में एनआईसी सभागार में विभिन्न विभागों, नगर निकायों और संबंधित एजेंसियों के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्रा अवधि के दौरान उत्पन्न होने वाले कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण, संग्रहण और पुनर्चक्रण को लेकर ठोस कार्ययोजना तैयार की गई।

जिलाधिकारी ने अब तक किए गए कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि इस वर्ष ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने डिपॉजिट रिफंड स्कीम को लागू करने पर विशेष जोर दिया, जिससे यात्री प्लास्टिक बोतलें, रैपर और अन्य अपशिष्ट सामग्री वापस जमा कर स्वच्छता अभियान में सहयोग कर सकें।

स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए क्यूआर कोड, साइन बोर्ड, होर्डिंग्स, टिकटों पर संदेश, सार्वजनिक उद्घोषणाएं और अन्य ऑडियो-विजुअल माध्यमों के जरिए “स्वच्छ यात्रा, सुरक्षित पर्यावरण” का संदेश प्रसारित करने की योजना बनाई गई है। स्थानीय व्यापारियों, होटल एसोसिएशन, ढाबा संचालकों और अन्य स्टेकहोल्डर्स को भी अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं।

डीएम ने यात्रा मार्ग पर संचालित होटलों व प्रतिष्ठानों में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए स्टार रेटिंग और ग्रीन बैजिंग जैसी प्रोत्साहन योजनाएं लागू करने को कहा। साथ ही स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों पर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों के सख्ती से पालन पर जोर देते हुए डंडी-कंडी, घोड़ा-खच्चर संचालकों को भी स्वच्छता अभियान का हिस्सा बनाने की बात कही, ताकि चारधाम यात्रा को हर दृष्टि से पर्यावरण हितैषी बनाया जा सके।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *