उत्तराखंड के हल्द्वानी स्थित नवीन मंडी गल्ला परिसर में गुरुवार सुबह एक सनसनीखेज मामला सामने आया। यहां एक युवक और युवती को पत्थर से कुचलकर बेरहमी से हत्या कर दी गई।

सुबह मंडी में काम करने आए मजदूर और व्यापारी दोनों शव देखकर हैरान रह गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी। घटना स्थल पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए, जिसे नियंत्रित करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और परिसर को सील कर मामले की जांच शुरू कर दी।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि मृतकों की फिलहाल शिनाख्त नहीं हो पाई है। पहचान के लिए मंडी परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, साथ ही स्थानीय थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों की भी जांच की जा रही है। मृतकों के पास कुछ पहचान पत्र मिले हैं, जिनसे उनकी शिनाख्त करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और स्थानीय लोगों से अपील की है कि अगर उन्हें घटना से संबंधित कोई जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। जांच टीम मामले की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटी हुई है।
