उत्तरकाशी जनपद की पुरोला विधानसभा से पूर्व विधायक राजेश जुवांठा के निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। उनके निधन की खबर मिलते ही राजनीतिक, सामाजिक और व्यापारिक संगठनों में शोक व्याप्त हो गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।

राजेश जुवांठा वर्ष 2007 से 2012 तक पुरोला विधानसभा क्षेत्र के विधायक रहे। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने सरल, ईमानदार और जनसरोकारों से जुड़े नेता के रूप में पहचान बनाई। आम जनता के बीच उनकी सहज उपलब्धता और विनम्र व्यवहार के कारण उन्हें व्यापक सम्मान प्राप्त था।

परिजनों के अनुसार पूर्व विधायक लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन से क्षेत्र ने एक लोकप्रिय और जमीन से जुड़े जनप्रतिनिधि को खो दिया है। उनके जाने से न केवल राजनीतिक बल्कि सामाजिक स्तर पर भी गहरा शून्य महसूस किया जा रहा है।

राजेश जुवांठा, उत्तर प्रदेश की पूर्व मुलायम सिंह यादव सरकार में पर्वतीय विकास मंत्री रहे स्वर्गीय बर्फिया लाल जुवांठा के पुत्र थे। उनकी माता शांति जुवांठा विकासनगर नगर पालिका की दो बार अध्यक्ष रह चुकी हैं। वे अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गए हैं।

पूर्व विधायक के निधन पर पुरोला सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक सभाओं का आयोजन किया गया। जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और व्यापार मंडलों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए इसे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया और शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *