अल्मोड़ा। जिले के सोमेश्वर क्षेत्र में हुए दिव्यांग व्यक्ति की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया है। वारदात के बाद आरोपी कई शहरों में छिपता रहा, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण वापस अल्मोड़ा लौटने पर पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

पुलिस के अनुसार 24 जनवरी 2026 को कोतवाली सोमेश्वर अंतर्गत ग्राम रस्यारागांव में एक शव मिलने की सूचना मिली थी। मृतक की पहचान कुंदन राम के रूप में हुई, जो दिव्यांग थे। 25 जनवरी को मृतक के भाई हरीश राम की तहरीर पर आरोपी दीपक पांडे के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के साथ एससी/एसटी एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच टीम का गठन किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और सर्विलांस व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश जारी रखी।
जांच में सामने आया कि 18 जनवरी की शाम आरोपी और मृतक के बीच विवाद हुआ था। कहासुनी के दौरान आरोपी ने पत्थर से कुंदन राम के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। वारदात के बाद आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए गाजियाबाद, गुरुग्राम, दिल्ली और वाराणसी में छिपता रहा।
करीब एक माह तक फरार रहने के बाद जब उसके पास पैसे खत्म हो गए तो वह परिचितों से सहायता लेने अल्मोड़ा पहुंचा। 15 फरवरी 2026 को पुलिस ने करबला तिराहा से उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के घर से घटना के समय पहने खून से सने कपड़े भी बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपी दीपक पांडे (34 वर्ष) पुत्र महेश पांडे, निवासी ग्राम रस्यारागांव है। मामले का सफल खुलासा करने वाली पुलिस टीम को 1000 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
