देहरादून: बेसिक शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल के साथ हुई कथित मारपीट के विरोध में शिक्षा विभाग में असंतोष खुलकर सामने आ गया है। शिक्षक, कर्मचारी और अधिकारी संगठनों ने दो दिवसीय कार्यबहिष्कार की घोषणा की है। शिक्षा निदेशालय में पांच घंटे चली बैठक में निर्णय लिया गया कि यदि आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं हुई तो 25 फरवरी से अन्य विभागों के कर्मचारी भी आंदोलन में शामिल होंगे।

काली पट्टी के साथ विरोध, एसओपी की मांग
उत्तरांचल स्टेट प्राइमरी टीचर्स एसोसिएशन की रेसकोर्स स्थित शिक्षक भवन में आयोजित बैठक में घटना की कड़ी निंदा की गई। शिक्षकों ने काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराने का निर्णय लिया। विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधियों ने कहा कि इस घटना से कर्मचारियों में असुरक्षा की भावना गहरी हुई है और सरकार को अधिकारियों की सुरक्षा के लिए स्पष्ट एसओपी जारी करनी चाहिए।
बैठक में 56 विभागीय कर्मचारी और अधिकारी संगठनों ने भी घटना को प्रशासनिक गरिमा के खिलाफ बताते हुए दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की।
चार आरोपी हिरासत में, हिस्ट्रीशीटर की भूमिका की जांच
नूरखेड़ा स्थित प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में हुए विवाद के मामले में पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर चार आरोपियों को हिरासत में लिया है। एक हिस्ट्रीशीटर ‘कल्ली’ की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
बताया गया है कि विधायक उमेश शर्मा काऊ अपने समर्थकों के साथ एक स्कूल का नाम परिवर्तन कराने के मुद्दे पर शिक्षा निदेशक से मिलने पहुंचे थे। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और कथित रूप से मारपीट की घटना हुई। इसके विरोध में कर्मचारियों ने पहले निदेशालय परिसर और बाद में रायपुर थाने में प्रदर्शन किया। दोनों पक्षों की ओर से प्राथमिकी दर्ज की गई है।
प्रमेंद्र सिंह डोबाल, एसएसपी देहरादून ने बताया कि शिकायतों के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच की जा रही है और वीडियो साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई जारी है।
