देहरादून: प्रदेश में सरकारी अधिकारियों, कर्मचारियों और शिक्षकों के साथ हाल में हुई घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मुख्य सचिव को सरकारी कार्यालयों और कार्यस्थलों पर कार्मिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) शीघ्र तैयार करने को कहा है।

सोमवार को उत्तराखंड अधिकारी कर्मचारी शिक्षक मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री आवास में मुलाकात कर 21 फरवरी को प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में हुई घटना सहित अन्य मामलों पर चिंता व्यक्त की। प्रतिनिधियों ने ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार कार्मिकों के सम्मान और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। उन्होंने डीजीपी को निर्देशित किया कि सभी सरकारी कार्यालयों में पुख्ता सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं तथा किसी भी अप्रिय घटना पर त्वरित कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही देहरादून के एसएसपी को शिक्षा निदेशालय प्रकरण में शामिल दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में राज्य औषधीय पादप बोर्ड के उपाध्यक्ष प्रताप सिंह पंवार, मोर्चा अध्यक्ष राम सिंह चौहान, महामंत्री मुकेश बहुगुणा और अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। राज्य सरकार के इस कदम को कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था को संस्थागत और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *