खटीमा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने खटीमा दौरे के दौरान बिरिया मझोला क्षेत्र में आयोजित ग्रामीण क्रिकेट टूर्नामेंट में शिरकत कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। नशा मुक्ति को लेकर आयोजित इस टूर्नामेंट को मुख्यमंत्री ने युवाओं को सकारात्मक दिशा देने की एक सराहनीय पहल बताया। इस अवसर पर सीएम धामी ने स्वयं बल्लेबाजी कर मैदान में मौजूद खिलाड़ियों और दर्शकों का जोश बढ़ाया।

चंपावत दौरे के बाद मुख्यमंत्री धामी शाम को अपने गृह क्षेत्र खटीमा पहुंचे। यहां उन्होंने खटीमा महाविद्यालय में छात्र संघ द्वारा आयोजित विंटर कार्निवाल में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। मुख्यमंत्री ने पहली बार आयोजित इस कार्निवाल को छात्रों की रचनात्मक सोच और संगठन क्षमता का प्रतीक बताते हुए छात्र संघ के सभी पदाधिकारियों को उनके कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री धामी बिरिया मझोला पहुंचे, जहां स्वर्गीय मनीष चंद की स्मृति में आयोजित नशा जागरूकता क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर स्वर्गीय मनीष चंद की माता हरकेश चंद ने मुख्यमंत्री का तिलक कर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार खेलों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन किया गया है और अब प्रदेश के आठ प्रमुख शहरों में खेल अकादमियों की स्थापना की जा रही है, जहां एक हजार युवाओं को आधुनिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। नई खेल नीति के माध्यम से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने का मार्ग प्रशस्त किया गया है, जिससे सामान्य परिवारों के बच्चे भी अपनी प्रतिभा के दम पर आगे बढ़ सकें।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को अवसर देना सरकार की प्राथमिकता है। सही प्रशिक्षण और मंच मिलने पर यहां के युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकते हैं। अंत में उन्होंने खटीमा महाविद्यालय में आयोजित विंटर कार्निवाल के सांस्कृतिक और आध्यात्मिक आयोजनों की सराहना करते हुए छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
