रुद्रपुर में सांसद अजय भट्ट ने केंद्र सरकार के हालिया बजट को वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में मजबूत कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट किसान, युवा, महिलाएं, मध्यम वर्ग और वैज्ञानिक वर्ग के हितों को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है।

रविवार को भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित संवाद कार्यक्रम में सांसद भट्ट ने कहा कि भारत आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और निकट भविष्य में तीसरे स्थान पर पहुंचने की पूरी क्षमता रखता है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार उत्तराखंड में आधारभूत ढांचे और कनेक्टिविटी के विकास को लेकर पूरी तरह गंभीर है।
सांसद ने बताया कि ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल लाइन परियोजना प्रदेश के लिए ऐतिहासिक साबित होने जा रही है और इसके लिए प्रत्येक बजट में लगातार वित्तीय प्रावधान किया जा रहा है। इसके साथ ही खटीमा–किच्छा रेल लाइन के निर्माण को लेकर भी सरकार गंभीर है और आने वाले समय में इस पर काम शुरू किया जाएगा। उड़ान योजना के तहत प्रदेश के और क्षेत्रों को हवाई संपर्क से जोड़ा जाएगा, वहीं मोनो ट्रेन चलाने की संभावनाओं पर भी विचार चल रहा है।
उन्होंने कहा कि वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के माध्यम से सीमावर्ती और हिमालयी क्षेत्रों में रोजगार के अवसर विकसित किए जा रहे हैं। इसके तहत हिमालयी राज्यों के 1954 गांवों को चिन्हित किया गया है। सांसद ने बताया कि वर्तमान में हिमालयी क्षेत्र के 1700 से अधिक गांव खाली हो चुके हैं, जिन्हें पुनः आबाद करने की दिशा में सरकार लगातार प्रयास कर रही है।
सांसद अजय भट्ट ने यह भी कहा कि आज भारत 100 से अधिक देशों को इलेक्ट्रिक वाहनों की आपूर्ति कर रहा है, जिससे देश में रोजगार के नए अवसर तेजी से बढ़ रहे हैं। इस अवसर पर विधायक शिव अरोरा, मेयर विकास शर्मा, दायित्वधारी उत्तम दत्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, पूर्व मेयर रामपाल सहित कई भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।
