नैनीताल/टिहरी गढ़वाल। उत्तराखंड के नैनीताल और नई टिहरी स्थित जिला न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। नैनीताल जिला एवं सत्र न्यायालय को लगातार दूसरे दिन धमकी भरा ईमेल मिला, जबकि टिहरी जिला न्यायालय की आधिकारिक ईमेल पर भी विस्फोटक लगाए जाने की सूचना दी गई।

सुबह मिला धमकी भरा ईमेल
नैनीताल में जिला जज के आधिकारिक ईमेल पते पर सुबह 7:11 बजे भेजे गए संदेश में दावा किया गया कि कोर्ट परिसर में आरडीएक्स से बने बम लगाए गए हैं, जो सुबह 11:15 बजे विस्फोट करेंगे। संदेश में अदालत को तुरंत खाली कराने की चेतावनी भी दी गई थी।
ईमेल मिलते ही कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस, डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा और जज चैंबर, वकीलों के कक्ष, पार्किंग और अन्य स्थानों की गहन जांच की गई। तलाशी के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
पहले भी आ चुका है धमकी संदेश
सोमवार को भी नैनीताल जिला एवं सत्र न्यायालय को इसी तरह का धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ था, जिसके चलते आधे दिन तक न्यायिक कार्य प्रभावित रहा। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
धमकी भरे ईमेल में कथित रूप से “तमिल टाइगर्स ऑफ ईलम” और “पाकिस्तान आईएसआई” के नाम का उल्लेख किया गया है। पुलिस साइबर फॉरेंसिक जांच के माध्यम से ईमेल की उत्पत्ति का पता लगाने में जुटी है।
टिहरी कोर्ट में भी सघन जांच
नई टिहरी जिला न्यायालय को भी बम प्लांट करने की सूचना ईमेल के जरिए मिली। सूचना के बाद पुलिस और एलआईयू टीम ने पूरे परिसर की तलाशी ली। वहां भी किसी प्रकार का विस्फोटक नहीं मिला।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों घटनाओं को गंभीरता से लिया गया है। एहतियातन न्यायालय परिसरों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और धमकी देने वालों की पहचान के लिए जांच तेज कर दी गई है।
