हरिद्वार: कनखल थाना क्षेत्र के श्रीयंत्र पुलिया के पास झाड़ियों में मिले 15 वर्षीय किशोर के शव मामले में पुलिस ने हत्या का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मृतक के दोस्त को मथुरा से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पूछताछ में बहनों पर अभद्र टिप्पणी से आक्रोशित होकर हत्या करने की बात कबूल की है।

एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि 7 फरवरी को पुलिस को झाड़ियों में खून से सना शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने जांच की और मृतक की पहचान कुनाल (15) निवासी रामपुर रायघाटी, थाना लक्सर, हाल निवासी लाटोवाली, कनखल के रूप में की गई। परिजनों की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।

पांच टीमें गठित, सीसीटीवी खंगाले

मामले की गंभीरता को देखते हुए पांच पुलिस टीमों का गठन किया गया। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। जांच में सामने आया कि 6 फरवरी की रात कुनाल को शराब के ठेके से शराब खरीदते हुए देखा गया था। उसके साथ एक स्कूटी सवार युवक भी नजर आया।

पहचान के आधार पर स्कूटी सवार अरविंद उर्फ शिवम निवासी दुर्गा कॉलोनी, थाना गोवर्धनपुर (यूपी), हाल निवासी लाटोवाली, कनखल के रूप में सामने आया। घटना के बाद से वह फरार था।

मथुरा से गिरफ्तारी

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मथुरा में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि वह कुछ समय से अपनी नानी के साथ कनखल में रह रहा था और कुनाल उसका मित्र व पड़ोसी था।

शराब के नशे में बढ़ा विवाद

आरोपी के मुताबिक, 6 फरवरी की रात दोनों ने साथ बैठकर शराब पी। नशे की हालत में कुनाल ने उसकी बहनों पर आपत्तिजनक टिप्पणी की और गाली-गलौज की। विवाद के दौरान हाथापाई हुई और कुनाल ने उसे थप्पड़ मार दिया। इससे गुस्से में आकर आरोपी ने पास पड़ा भारी पत्थर उठाकर उसके सिर पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने उसके कब्जे से मृतक का मोबाइल फोन बरामद किया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *