DSAT Scholarship Ad

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। चयनित अभ्यर्थियों में 13 बेटियां भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने सभी नवनियुक्त अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि बेटियों की यह सफलता प्रदेश की अन्य बेटियों को भी सरकारी सेवाओं में आने के लिए प्रेरित करेगी।

CM pushkar singh dhami gives appointment letters to 36 newly recruited naib tehsildars uttarakhand news

मुख्यमंत्री ने कहा कि नायब तहसीलदार राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके कार्यों का सीधा संबंध आम लोगों की जमीन, आजीविका और अधिकारों से होता है। ऐसे में नामांतरण, पैमाइश, सीमांकन और राजस्व अभिलेखों से जुड़े मामलों का समयबद्ध और सावधानीपूर्वक निस्तारण करना अधिकारियों की प्राथमिकता होनी चाहिए।

आम लोगों की समस्याओं का समय पर करें समाधान

मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त अधिकारियों से कहा कि तहसील में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की बात धैर्यपूर्वक सुनें और उसे जरूरी दस्तावेजों व प्रक्रियाओं की सही जानकारी दें। उन्होंने कहा कि लोगों को अपने छोटे-छोटे कामों के लिए बार-बार तहसील के चक्कर न लगाने पड़ें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

उन्होंने पर्वतीय क्षेत्रों से तहसील आने वाले बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की समस्याओं को प्राथमिकता से सुनने और उनका समाधान करने के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा के दौरान राजस्व अधिकारियों की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। ऐसे समय में प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का सही आकलन कर पीड़ित परिवारों तक समय पर राहत पहुंचाने में अधिकारियों को महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए।

भ्रष्टाचार से दूर रहकर करें काम: सीएम धामी

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को भ्रष्टाचार से दूर रहने और बिना किसी दबाव या सिफारिश के नियमों के अनुसार कार्य करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है।

उन्होंने अधिकारियों से अपनी कार्यशैली में सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टिकरण के मंत्र को अपनाने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी सेवाओं का उद्देश्य आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान करना होना चाहिए।

मुख्य सचिव ने भी दी जनसेवा की सीख

इस दौरान मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने भी नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा का माध्यम है।

मुख्य सचिव ने अधिकारियों से विशेष रूप से उन लोगों की समस्याओं पर ध्यान देने को कहा, जिनकी पहुंच केवल तहसील स्तर तक है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को आम जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहकर कार्य करना चाहिए, ताकि सरकारी सेवाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *